भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की 3 प्रतिमाएं स्थापित की गईं, जिसमें शालिग्राम के पत्थरों से बनायी गयी प्रतिमा में भगवान श्रीराम मुस्कुराते हुए सबसे अच्छे दिखे,अयोध्या में उनकी प्राण प्रतिष्ठा की गयी। उन्होंने कहा कि हमने 17 लाख पुराने इतिहास को नहीं देखा है, केवल सुना है, लेकिन जब पाषाण की प्रतिमा इतनी सुंदर हो सकती है तो 17 लाख साल पहले प्रभु श्रीराम का दिव्य, भव्य, दर्शन कैसा हुआ होगा..हमारी सनातन संस्कृति ने कैसे हजारों-लाखों सालों से अपने हृदय के अंदर अपने देवताओं को विराजित किया होगा, हम सब सौभाग्यशाली हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज रीवा में पार्टी प्रत्याशी श्री जनार्दन मिश्रा के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सभा में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल भी उपस्थित थे। 

यह बदलते दौर का भारत है
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 700 से ज्यादा जिले, 142 करोड़ से ज्यादा की आबादी वाले देश में 22 करोड़ लोगों को पक्का घर दिये हैं। जिनका अपना स्वयं का घर पूरे हिन्दुस्तान में नहीं है। ऐसा उदाहरण भारतीय जनता पार्टी ने प्रस्तुत किया है। ये बदलते दौरा का भारत और बदलते दौर का मध्यप्रदेश है। 

दुर्भाग्य रहा कांग्रेस ने रीवा की उपेक्षा की
डॉ यादव ने कहा कि तीस साल पहले जब में रीवा आया था, तब बस में धक्के खाते हुए रीवा आना पड़ता था। मुझे पीड़ा होती थी कि इसे किसकी नजर लगी, ये वो धरती है जहां भगवान श्रीराम ने साढ़े ग्यारह साल बिताया। लेकिन दुर्भाग्य था कि आजादी के बाद कांग्रेस ने इस क्षेत्र की उपेक्षा की। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों की वर्षों पहले जिंदगी खुशहाल हो सकती थी। जो अभी हुआ है वो 70 साल पहले हो सकता था। कई पीढियां सुधर जाती, लोगों का भविष्य बदल जाता। 

रीवा,सतना देव भूमि है, यहाँ के लोगों को नजरअंदाज किया गया
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि रीवा, सतना देवभूमि है, यहां के लोग पवित्र मन से काम करते हैं और अपनी काबिलियत और क्षमता के कारण पहचाने जाते हैं। लेकिन यहां के लोगों को नजरंअदाज किया गया।

भाजपा सरकार में यहां का परिदृश्य बदला है, कांग्रेस में इच्छाशक्ति नहीं थी
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केवल वोट लेकर सरकार बनाई और सरकार बनाकर मौजमस्ती करने का काम किया। जैसे ही भाजपा की सरकार बनी, यहां का पुरा परिदृष्य बदल गया, पहले रीवा छोटी सी तहसील से जाना जाता था, आज हर कोई लालायित रहता है कि कास मेरा संबंध रीवा से हो और मेरा घर रीवा संभाग में हो।  रीवा के अलावा सीधी, सिंगरौली में सब कुछ था... लेकिन कांग्रेस में विकास करने की वो इच्छा शक्ति नहीं थी। कांग्रेस ने इस क्षेत्र को गुलाम बनाया, कहां 70 साल और कहां 10 साल... ये भाजपा के 10 साल का चुनाव हो रहा है।  प्रदेश को लेकर सीएम ने कहा कि यहां नर्मदा का क्षेत्र है, यहां आपार संभावनाएं हैं। लेकिन कांग्रेस ने कोई विकास नहीं किया। प्रदेश त्राहिमाम त्राहिमाम कर रहा था। 

देश में सर्वाधिक कृषि विकास दर मध्यप्रदेश की है
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि पूरे देश में सबसे ज्यादा कृषि विकास दर मध्यप्रदेश की है, ये हमारी पहचान है और ये हमारे काम करने का तरीका है। जब यहां के किसानों की जिंदगी बदलेगी तो यहां का पूरा परिदृश्य बदल जाएगा। ये पूरा प्रदेश कृषि आधारित है।  किसानों को केवल पानी और बिजली चाहिए। जैसे सीमा पर जवान, अपनी जान लगाकर खड़ा रहता है। वैसे खेत में किसान उसकी बराबरी करता है। लोगों को अन्न देता है। 
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि आपका एक वोट आतंकवादियों को उनके घर में सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक कर, घर में घुसकर मारने का दम देता है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि एयर स्ट्राइक में हमारे सैनिक अभिनंदन को वापस लाने का काम किया गया। आपने उस समय श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार बनाने के लिए जो वोट दिया था, वो सार्थक हुआ। हमें अपने वोट का मूल्यांकन करना पड़ेगा। हमें ये भी देखना पड़ेगा कि हमारे वोट का सदुपयोग हुआ कि नहीं हुआ। जब दूसरी बार वोट दिया तो 6 महीने से कम समय में जो भाजपा ने जनसंघ के जमाने से जो कहा था - कश्मीर के अंदर धारा 370 लगाना ये कांग्रेस की सबसे बड़ी भूल होगी उसे हटाने का काम किया। जवानों ने देश की रक्षा करने के लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया। पाकिस्तान के सैनिक हमारे सैनिकों का सिर काट कर ले जाते थे। देश की तत्कालीन सरकार कुछ नहीं करती थी। मुंबई, दिल्ली और अन्य कई जगहों पर आतंकवादी घटनाएं होती थी। कांग्रेस के लोग और बाकी अन्य विपक्षी दल इस पूरे मामले में पूरी नजरअंदाज करते थे। लेकिन अब बदलते दौर का भारत है, ये नरेंद्र मोदी जी का भारत है। 

अब कश्मीर में केसर खिल रहा है
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि अब कश्मीर के अंदर केसर खिल रहा है, टूरिज्म को बढ़ावा मिल रहा। अब पाक अधिकृत कश्मीर वाले भी चिल्ला-चिल्ला कर कह रहे हैं कि हमें भी भारत में मिल लो.. हमें ऐसे अन्याय पूर्ण जगह पाकिस्तान में नहीं रहना। जहां बिजली, सड़क, पानी और विकास की कोई संभावना नहीं हो...सुप्रीम कोर्ट ने कहा, तीन तलाक गलत है लेकिन मेजोरिटी में उस कांग्रेस की सरकार थी वो नहीं मानी... भारतीय जनता पार्टी ने हिंदू-मुस्लिम नहीं देखा, उन्होंने कहा कि मुस्लिम बहनों के साथ गलत क्यों होना चाहिए। नरेंद्र मोदी जी ने कहा कि भाजपा सरकार इसको बदलेगी और भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने एक झटके में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को लागू कर दिया। ये 56 इंच वाले की सरकार है, मोदी है तो मुमकिन है। 

अयोध्या मामले को वर्षों तक लटकाया गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के फैसले को लंबे समय तक लटकाया गया, लेकिन जैसे ही सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया वैसे ही बिना किसी झंझट के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर का शिलान्यास किया। इसीलिए कहा जाता है मोदी है तो मुमकिन है। 

जिन्होंने राम के निमंत्रण को ठुकराया, जनता उन्हें ठुकरायेगी
उन्होंने कहा कि 22 जनवरी की घटना सभी ने देखी, हम इसलिए याद दिला रहे हैं कि ये हमारे भावनाओं का, हिंदुओं के सम्मान की बात है। कांग्रेस को अपमान करने का अधिकार किसने दिया, कांग्रेस ने बार-बार हिंदुओं के सम्मान पर कुठाराघात किया, हमने राम मंदिर का निमंत्रण दिया तो एकमात्र कांग्रेस पार्टी ने निमंत्रण को ठुकरा दिया। जिन्होंने 70 साल तक मुस्लिम पक्ष का नेतृत्व किया वो भी प्रसन्नता के साथ शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। जिसने भगवान श्रीराम के निमंत्रण को ठुकराया है, जनता इनको ठुकराएगी... आने वाले 26 तारीख को दूसरे चरण के वोटिंग में हर घर से एक-एक आदमी निकलकर भगवान श्रीराम के अपमान का बदला लेगा। आपको भगवान श्रीराम का स्मरण करके वोट देना है और जनार्दन मिश्रा जी को जीत दिलाना है। ये मोदी जी के बदलते दौर का भारत है।

हमने भ्रष्टाचार पर कुठाराघात किया
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव प्रदेश में हमने 100 दिन से काम के समय में रजिस्ट्री करने के मामले में तुरंत नामांतरण करने का फैसला लिया। अब रजिस्ट्री करने के तुरंत बाद नामांतरण होगा, इस निर्णय के बाद से भ्रष्टाचार को हमने खत्म किया। मकान के लिए 24 घंटे के अंदर नक्शा पास करने का निर्णय हुआ। लाउडस्पीकर बंद करने, खुले में मांस नहीं बिकने चाहिए, इसका अलग मार्केट होना चाहिए इसका भी निर्णय लिया गया।  मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि चित्रकूट प्राधिकरण बनाया जाएगा, चित्रकूट में विकास के कार्य किए जाएंगे। पूरे प्रदेश के अंदर भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के जहां-जहां कदम पड़े, जहां-जहां आए उन प्रत्येक स्थान को तीर्थ बनाने का निर्णय भाजपा की सरकार द्वारा किया गया। जिसको समय की कमी होगी हेलीकॉप्टर सेवा से चित्रकूट, मैहर का दर्शन कराया जाएगा। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर आने-जाने के लिए अगले महीने से इंटर स्टेट हवाई यातायात शुरू करने वाले हैं।  घायल गौ माता के इलाज के लिए एम्बुलेंस और गौशालाओं को 40 रुपये प्रति गाय के लिए अनुदान देने निर्णय लिया गया। प्रत्येक पवित्र नदी जिन पर हमारी श्रद्धा है उन सभी जगहों पर नदी के किनारे घाट बनाए जाएंगे और उनको तीर्थ का रूप दिया जाएगा। 

भाजपा की सरकार गरीब युवा मजदूर की सरकार
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा माननीय मोदी जी ने भी राम मंदिर और तीन तलाक मसले का सुप्रीम कोर्ट से फैसला कराया। सरकार कानून से चलती है, सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसले लिए थे, उनका पालन करना हमारा काम है। उन्होंने कहा कि गरीब आदमी का कोई अपमान करें, उसे भाजपा सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा की सरकार गरीब युवा मजदूर की सरकार है, निर्णयों को लागू कराने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था - 21वीं शताब्दी भारत की होगी, इसका नेतृत्व करने के लिए नरेंद्र मोदी जैसा व्यक्तित्व होना चाहिए।